रचना की दृष्टि से वाक्य के प्रकार |

रचना की दृष्टि से वाक्य के तीन प्रकार हैं– 1. साधारण वाक्य 2. मिश्रित वाक्य 3. संयुक्त वाक्य

रचना की दृष्टि से वाक्य के प्रकार |

1. मोहन को कल इंदौर जाना है।
2. मुझे सूचना मिली है कि मोहन को कल इंदौर जाना है।
3. मोहन को कल इंदौर जाना है और उसके बाद उसे देवास जाना है।

उपर्युक्त वाक्यों में–
क्र. 1 में एक ही वाक्य है।
क्र. 2 में दो बाक्य हैं।
क्र. 3 में दो वाक्य हैं।
किन्तु क्र. 2 और क्र. 3 के वाक्य दो भागों में बँटे हुए हैं। ऐसे एक ही वाक्य के छोटे-छोटे वाक्य उपवाक्य कहलाते हैं। ये उपवाक्य संयोजक से जुड़े रहते हैं। इस प्रकार की वाक्य संरचना को अब समझिए।

रचना की दृष्टि से वाक्य के प्रकार–
रचना की दृष्टि से वाक्य के तीन प्रकार हैं–
1. साधारण वाक्य
2. मिश्रित वाक्य
3. संयुक्त वाक्य

साधारण वाक्य–
जिस वाक्य में एक उद्देश्य और एक विधेय होता हैं। उसे साधारण वाक्य कहते हैं। साधारण वाक्य में एक ही क्रिया होती है।
उदाहरण– प्रांजल स्कूल जाता है।

मिश्रित या मिश्र वाक्य–
जिस वाक्य में एक प्रधान उपवाक्य और एक या अधिक आश्रित वाक्य हो उसे मिश्रित वाक्य कहते हैं। सामान्यतः प्रधान वाक्य और आश्रित उपवाक्य के बीच कि,जो, जिसने, जिसे, तब, जहाँ-तहाँ जैसे संयोजक शब्द होते हैं। आश्रित उपवाक्य- तीन प्रकार के हैं- संज्ञा आश्रित, विशेषण आश्रित और क्रिया विशेषण आश्रित उपवाक्य।

संज्ञा आश्रित उपवाक्य–
प्रधान उपवाक्य किसी संज्ञा के बदले में आने वाला उपवाक्य है। यह 'कि' संयोजक शब्द से जुड़ा रहता है, जैसे- मोहन कह रहा है कि वह कल नहीं आएगा।

विशेषण आश्रित उपवाक्य–
ये प्रधान उपवाक्य की संज्ञा/सर्वनाम की विशेषता बतलाते हैं। ये उपवाक्य 'जो', 'जिसे', 'जिसने', 'जिन्हें' आदि शब्दों से जुड़े रहते हैं, जैसे- तुम्हारा पैन अच्छा चलता है, जो तुमने मुझे कल दिया था।

क्रिया विशेषण आश्रित उपवाक्य–
प्रधान उपवाक्य की क्रिया की विशेषता बताने वाले उपवाक्य क्रिया विशेषण उपवाक्य होते हैं। ऐसे वाक्यों में जब, जैसे, वैसे, जितना आदि योजक शब्द आते हैं, जैसे- जब हम टिकिट खरीदेंगे, तब प्लेटफार्म पर जाएँगे।

संयुक्त वाक्य–
संयुक्त वाक्य में एक प्रधान वाक्य और एक या अधिक उपवाक्य समानाधिकरण (समकक्ष) वाले होते हैं। संयुक्त वाक्य में दो उपवाक्य – और, या, अथवा, किन्तु, परन्तु आदि से जुड़े होते हैं; जैसे– वह गरीब हैं परन्तु ईमानदार भी है।

आशा है, उपरोक्त जानकारी परीक्षार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं परीक्षापयोगी होगी।
धन्यवाद।
B B Patle
edubirbal.com

टिप्पणियाँ (0)

अपनी टिप्पणी दें

इस लेख पर अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। सबसे पहले टिप्पणी करके चर्चा शुरू करें!

लेख की अतिरिक्त जानकारी


Copyright © 2026 sarita.rfhindi.com